Madhya Pradesh Latest News

महिला को दो लाख में बेचा, लोगों ने गिरोह की धुनाई कर पुलिस को सौंपा

By, बैतूल वार्ता

महिला को दो लाख में बेचा, लोगों ने गिरोह की धुनाई कर पुलिस को सौंपा

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल में महिला को बेचने और खरीदने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने एक महिला को दो लाख रूपए में बेच दिया था। महिला को लेकर जब जा रहे थे, उसी समय महिला ने विरोध किया और लोगों से मदद मांगी इस पर महिला की मदद के लिए लोग एकत्रित हो गए।

उन्होंने इस गिरोह के सदस्यों की जमकर मारपीट कर दी और फिर पुलिस के हवाले किया। मामला जिला मुख्यालय के समीपी बैतूल बाजार थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पाढर चौकी क्षेत्र में रहने वाली 20 वर्षीय महिला का अपने पति से विवाद हो गया था।

विवाद के बाद महिला सावित्री नाम की एक महिला के साथ गौठाना में काम करने के लिए बैतूल आ गई। महिला सावित्री बाई को पहले से जानती-पहचानती थी। जिसके यहां आना-जाना भी था। सावित्री बाई के यहां राजा टकला नाम का एक व्यक्ति भी आता था। 11 जनवरी 2024 को राजा ने पाढर से बैतूल आई महिला को बालाजीपुरम घुमाने ले जाने की बात कही।

उस दिन फरियादी महिला ने घुमने जाने से मना कर दिया। अगले दिन 12 जनवरी को फिर से घुमने ले जाने की बात कही। इस पर फरियादी महिला को राजा, सोनम और सावित्री बालाजीपुरम घुमाने लेकर गए। बालाजीपुरम पार्किंग के बाहर एक सफेद कलर की गाड़ी खड़ी थी।

यहां सावित्री बाई और राजा गाड़ी में बैठे लोगों से बात करने लगे। इसके बाद फरियादी को गाड़ी में बैठने के लिए कहा। महिला के कार में बैठने के बाद कार में बैठे लोग गाड़ी को बैतूल की तरफ लेकर निकल गए।

कार में बैठे लोग शादी करने और कपड़े दिलाने की बात कहने लगे। कार में एक मूंछ वाला व्यक्ति बैठा था। जिसका नाम दयाराम बताया जा रहा है। वह बता रहा था कि अनिल नाम का लड़का है, जिसकी तुम्हारे साथ शादी करनी है।

शादी करने से किया इंकार  

यह सुनकर महिला ने कहा कि वह शादीशुदा है, वह शादी नहीं करेगी। इसके बाद भी वे जबरदस्ती कार दौड़ाते हुए ले जाने लगे। फरियादी महिला ने इसका विरोध किया और कहा कि मुझे कार से नीचे उतारो। इस पर राजा टकला कहने लगा कि तुम्हें शादी के लिए 2 लाख रुपए में खरीद लिया है।

महिला ने विरोध कर रूकवाई गाड़ी

इससे महिला समझ गई कि उसे बहला-फुसलाकर ले जाया जा रहा है। इसके बाद महिला ने विरोध करना शुरू कर दिया। महिला ने विरोध करते हुए गाड़ी रूकवाई। तभी वहां लोग एकत्रित हो गए। गाड़ी में सवार लोगों को घटना के बारे में जैसे ही जानकारी लगी, उन्होंने महिला को जबरदस्ती ले जाने वाले लोगों की पिटाई कर दी और तत्काल पुलिस को भी फोन किया। 

दो लाख रुपये में हुआ था सौदा

बैतूल बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया और घटना की पड़ताल शुरू कर दी। बताया गया कि महिला का 2 लाख रूपए में सौदा हुआ था, जिसमें से 1 लाख 30 हजार रूपए दे दिए थे। पुलिस ने महिला को बेचने और खरीदने वाले गिरोह के चार सदस्य को गिरफ्तार है।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

इनमें ग्राम हरदूवी तहसील पिपलौद जिला रतलाम निवासी अनिल पिता रामसिंह लौधा, राजा टकला उर्फ चन्द्रशेखर पिता विष्णु (38) निवासी सहनगांव तहसील मुलताई हाल अर्जुन नगर, सावित्री पति रामशंकर आहके निवासी आदर्श पिपरिया भीमपुर थाना चिचोली हाल गौठाना और सोनम पति गुलाब परमार (28) निवासी शेरपुरा तहसील सुलालपुर थाना कालीपिपल जिला सीहोर शामिल हैं। पूछताछ पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया जाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.