Madhya Pradesh Latest News

धन्यवाद को तरसे भाजपा कार्यकर्ताओं की सोशल मीडिया पर तकरार

By, बैतूल वार्ता

एक अदद धन्यवाद को तरसे भाजपा कार्यकर्ताओं की सोशल मीडिया पर तकरार

घोड़ाडोंगरी विधानसभा में भाजपाइयों ने एक-दूसरे को ही धन्यवाद देकर काम चलाने के लिए किया कटाक्ष

बैतूल संसदीय क्षेत्र में 7 मई को हुए मतदान के बाद जिले के सबसे बड़े घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। दरअसल उन्होंने निष्ठा और समर्पण से पार्टी प्रत्याशी के लिए चिलचिलाती गर्मी में खूब पसीना बहाया, लेकिन क्षेत्रीय विधायक समेत वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आभार तक नहीं माना। इससे आहत होकर लोकसभा-घोड़ाडोंगरी विधानसभा नामक सोशल मीडिया ग्रुप पर कार्यकर्ताओं ने जमकर भड़ास निकाली। कार्यकर्ताओं ने यहां तक कह दिया कि विधानसभा चुनाव में किए गए परिश्रम का धन्यवाद नहीं मिला तो अब उम्मीद रखना बेकार है, इसलिए एक दूसरे को ही धन्यवाद कहकर काम चला रहे हैं। जिस तरह सोशल मीडिया पर कार्यकर्ताओं ने अपनी भड़ास निकाली है, यह कहीं न कहीं घोड़ाडोंगरी विधानसभा के वरिष्ठ नेताओं के लिए अच्छे संकेत नहीं है।

41 डिग्री तापमान में मतदान के दिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री के मतदान बढ़ाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए खूब पसीना बहाया। दरअसल पिछले चुनाव की अपेक्षा इस चुनाव में वोटिंग बढ़ाने का लक्ष्य पार्टी ने जिला अध्यक्ष से लेकर सभी विधायकों और पूर्व विधायकों, संगठन के वरिष्ठ-कनिष्ठ कार्यकर्ताओं को दिया था। यही वजह है कि अपना लक्ष्य लेकर कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने खूब मेहनत की। यही बात है कि जब 7 मई को देर शाम जिले का मतदान प्रतिशत लगभग 75 पार गया तो कार्यकर्ता इसे मेहनत का परिणाम बता रहे हैं। सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे से मतदान का प्रतिशत पूछकर अपने अंक की भी गणना की।

सोशल मीडिया पर आभार न जताने पर सोशल मीडिया पर बवाल

लोकसभा चुनाव के लिए विधानसभा घोड़ाडोंगरी के लिए भाजपा द्वारा बनाए गए ग्रुप में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में भाजपा को मिलने वाली लीड के बारे में भी लिखा। इसके बाद शाहपुर के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने इस ग्रुप पर लिखा की पोलिंग बूथ के किसी भी कार्यकर्ताओं को किसी भी माननीय ने धन्यवाद नहीं दिया। चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं ने काम किया, सभी रास्ता देख रहे हैं कि कोई तो आभार व्यक्त करें। इस पर चिचोली के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष शंकर चढ़ोकार ने कहा कि क्या करें भाई, हम सभी एक दूसरे को धन्यवाद कर आत्म संतुष्टि कर लेते हैं। इस प्रकार की उम्मीद अपने विधानसभा के बड़े माननीयों से न रखे। उन्होंने यह भी कहकर आग में घी डालने का काम किया कि विधानसभा में काम करने का धन्यवाद आज तक नहीं मिला। इसके बाद भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया प्रभारी अबीजर हुसैन ने विशाल ठाकुर के मैसेज पर जवाब देते हुए उनका और सभी देव तुल्य कार्यकर्ताओं का आभार माना।

पूर्व जिला अध्यक्ष ने भी निकाली कसर
इस ग्रुप में शामिल भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र कपूर ने भी कटाक्ष करने में कसर नहीं छोड़ी। दरअसल ग्रुप में दो वरिष्ठ नेता चढ़ोकार और ठाकुर की नाराजगी सीधेतौर पर सामने आने के बाद जितेंद्र कपूर ने भी आग में घी डालने का काम किया। उन्होंने गु्रप पर लिखा कि अरे शंकर भाई- विशाल भाई आपको धन्यवाद नहीं मिला, बस यही शिकायत है न।
अरे आप लोगों का अपमान ही नहीं हुआ। इस पर विशाल ठाकुर ने कहा कि हमारा अपमान कोई कर भी नहीं पाएगा,अपमान करने वालों को कई बार जन्म लेना पड़ेगा। ठाकुर के इस जवाब पर कपूर ने कहा कि कुछ तरीका मुझे भी बता दें भतीजे, इसके बाद पूर्व जिला अध्यक्ष कपूर ने लिखा कि दो लोग ज्यादा होशियार बन रहे हैं, उनका यह मैसेज से ग्रुप में हड़कंप मच गया। उनका इशारा किसके तरफ था, जमकर चर्चा हो रही है। इसके बाद भाजपा नेता अबीजर हुसैन ने कहा कि जल्द ही तारमखेड़ा में कार्यक्रम करते हैं। विशाल ठाकुर ने इस पर ठीक है, कहने पर कहा कि ग्रुप पर लड़ने वाला कार्यकर्ता सिर्फ प्रेम चाहता है और कुछ नहीं। पर उनकी मेहनत का मोल जीतने वाला कभी नहीं समझ सकता।

घोड़ाडोंगरी विधायक पर अप्रत्यक्ष रूप से वार!
इस ग्रुप पर जिस तरह से कार्यकर्ताओं ने अपनी भड़ास निकाली है, यह अप्रत्यक्ष रूप से कहीं न कहीं घोड़ाडोंगरी की भाजपा विधायक गंगा उइके पर निशाना बनाते हुए कही है, क्योंकि चिचोली जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष शंकर चढ़ोकार ने जिस तरह विधानसभा चुनाव में भी कार्यकर्ताओं के परिश्रम का धन्यवाद माननीय ने नहीं दिया, लिखकर सीधेतौर पर घोड़ाडोंगरी विधायक को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। विशाल ठाकुर का मैसेज भी साफतौर पर घोड़ाडोंगरी विधायक द्वारा आभार न व्यक्त करने पर अपनी पीड़ा जाहिर कर रहा है। इस ग्रुप में हुई वार्तालाप बाहर आने के बाद भाजपा में जमकर खलबली मची हुई है।
इस संबंध में चर्चा करने के लिए घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके को उनके नंबर 9424968413 पर काल किया, लेकिन उन्होंने काल रीसिव नहीं किया।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.