Madhya Pradesh Latest News

एफआईआर के लिए विधायक को करना पड़ा हस्तक्षेप, हिंदू संगठनों ने आधी रात को घेरा थाना

By,वामन पोटे

बस में महिलाओं का मामूली विवाद धर्मांतरण तक पहुंचा

एफआईआर के लिए विधायक को करना पड़ा हस्तक्षेप, हिंदू संगठनों ने आधी रात को घेरा थाना

बैतूल/शाहपुर शाहपुर में बस में दो महिलाओं के बीच मामूली विवाद ने बड़ा रूप धारण कर लिया। पहले महिलाओं में तू-तू, मैं-मैं हुई, फिर दोनों के बीच बस और शाहपुर बसस्टैंड पर भी हाथापाई हुुई, चूंकि इसमें एक महिला शाहपुर की थी, इसलिए उसे सहानुभूति मिल गई, लेकिन मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब इटारसी से बस में बैठी दूसरी महिला पर ईसाई धर्म के बारे में समझाइश देने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप लगाएं।
इसके बाद मामला और अधिक गरमा गया। एएसपी कमला जोशी भी मौके पर पहुंच गई, इसके अलावा सारणी, पाथाखेड़ा, चिचोली, बीजादेही से भी पुलिस बल बुलाना पड़ा। इधर जानकारी मिलने के बाद खुद घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी शाहपुर थाना पहुंचकर घेराव करने पर आतुर हो गए। पुलिस ने हालांकि महिला के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक शाहपुर की रहने वाली पूजा दुबे धार में एक स्कूल में शिक्षिका है। वह शुक्रवार शाम को एक निजी बस से वापस लौट रही थी। बस में वह इटारसी की रहने वाली अनिता मोटवानी नामक महिला के बाजू में सीट खाली होने पर बैठ गई। इसी दौरान शिक्षिका पूजा को खांसी आने पर इटारसी की महिला के साथ विवाद हो गया।
दोनों के बीच बस में ही जमकर तू-तू, मैं-मैं और हाथापाई होने लगी। बस के परिचालक और यात्रियों ने दोनों को समझाइश दी, लेकिन नहीं मानी। आखिर बस के शाहपुर पहुंचने पर बस स्टैंड के करीब स्थित थाने में पूजा दुबे ने शिकायत दर्ज कराई।

परिजन और लोगों को दी धर्मांतरण की जानकारी

इस दौरान थाने में शिक्षिका पूजा दुबे ने बताया कि महिला से उसका विवाद खांसी के अलावा किसी दूसरी बात पर भी हुआ। उन्होंने बताया कि इटारसी की अनिता मोटवानी नामक महिला ने उन्हें ईसाई धर्म के बारे में बस में बताने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला द्वारा ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने लगी और धर्म के आधार पर डराने और धमकाने का प्रयास किया गया। जब उनके द्वारा मना किया तो संबंधित महिला मारपीट पर उतारू हो गई और धमकी देने लगी। इससे मन में डर बैठ गया। इसी वजह महिला के खिलाफ शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची है।

महिला उपनिरीक्षक से कार्यकर्ता नाराज, विधायक भी पहुंची

इस मामले में धर्मांतरण से जुड़ा मामला सामने आने के बाद विधायक गंगा उइके को जानकारी मिली तो उन्होंने शाहपुर पुलिस द्वारा पूजा दुबे की रिपोर्ट पर मामला न दर्ज करने पर हस्तक्षेप किया। इसके बाद मामला दर्ज होने की खबर है। इस बीच क्षेत्र के हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को भी इस संबंध में जानकारी लगी तो रात आठ बजे के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित होने लगे। रात 11 बजे हिंदू संगठन के कई अन्य पदाधिकारी भी पहुंच गए। उन्होंने भी महिला की शिकायत पर धर्मांतरण करने वाली दूसरी महिला पर एफआईआर न होने पर नाराजगी जताई।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसके विरोध में थाना घेरने का प्रयास करने लगे। उनका आरोप था कि पहले तो पुलिस ने महिला की शिकायत पर एफआईआर नहीं लिखी। इसके बाद महिला सब इंस्पेक्टर सोनम साहू ने डंडा निकालकर बाहर खड़े हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने डरा धमकाकर बाहर निकालने का प्रयास किया। इस पर कार्यर्क्ता आग बबूला हो गए और नारेबाजी करने लगे। खुद विधायक गंगा उइके ने देर रात थाने पहुंची और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर संबंधितों के विरूद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पांच थानों से पुलिस बल ने पहुंचकर संभाली व्यवस्था

शाहपुर में धर्मांतरण से जुड़े मामले में बवाल मचने के बाद बैतूल से एएसपी कमला जोशी को मोर्चा संभालना पड़ा। चूंकि स्थानीय विधायक गंगा उइके भी थाने पहुंच गई थी, इसलिए एएसपी ने मामला बिगड़ता देख सारणी, पाथाखेड़ा, घोड़ाडोंगरी, चिचोली और बीजादेही से भी पुलिस बल शाहपुर बुला लिया। बड़ी संख्या में पुलिस बल शाहपुर थाने में तैनात कर दिया गया था।
हिंदू संगठन की कार्यर्क्ताओं की नाराजगी को देखते हुए तीन बजे तक पुलिस बल थाने में ही मौजूद था। सुबह मामला शांत होने पर बल संबंधित थानों में वापस हुआ। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने शिक्षिका पूजा दुबे की रिपोर्ट पर इटारसी निवासी अनिता मोटवानी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) सहित मप्र धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3,4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

इनका कहना ..

शाहपुर में एक महिला ने दूसरी महिला पर विवाद के बाद धर्मांतरण के आरोप लगाए। हमने जांच के बाद संबंधित महिला के खिलाफ एफआईआर के निर्देश दे दिए हैं।

कमला जोशी, एएसपी बैतूल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.