Madhya Pradesh Latest News

मोदी बोले- पाकिस्तान ने हमेशा धोखा दिया:अमेरिकन AI रिसर्चर के पॉडकास्ट में कहा- नवाज को न्योता दिया, बदले में दुश्मनी मिली; ट्रम्प साहसी लीडर

By, वामन पोटे

मोदी बोले- पाकिस्तान ने हमेशा धोखा दिया:अमेरिकन AI रिसर्चर के पॉडकास्ट में कहा- नवाज को न्योता दिया, बदले में दुश्मनी मिली; ट्रम्प साहसी लीडर

बैतूल(मध्यप्रदेश )प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अमेरिकन AI रिसर्चर लेक्स फ्रिडमैन के साथ 3 घंटे का पॉडकास्ट (इंटरव्यू) रिलीज किया। PM ने पाकिस्तान, चीन, ट्रम्प, विश्व राजनीति, खेल, राजनीति और RSS समेत निजी जीवन से जुड़े सवालों के जवाब दिए। PM ने पाकिस्तान को लेकर कहा कि वहां से हमेशा धोखा ही मिला।

उन्होंने कहा कि शपथ समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को बुलाया था, लेकिन शांति की हर कोशिश के बदले दुश्मनी ही मिली। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के लोग शांति चाहते हैं। हम आशा करते हैं कि पाकिस्तान को एक दिन सद्बुद्धि आएगी और वह शांति का रास्ता अपनाएगा।
मोदी का इंटरव्यू लेने वाले फ्रिडमैन इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर इंजीनियर और AI रिसर्चर

लेक्स फ्रिडमैन का जन्म रूस के चकालोव्स्क में 15 अगस्त 1983 को हुआ था। सोवियत संघ के बिखरने के बाद उनका परिवार अमेरिका के शिकागो आ गया था। उन्होंने अमेरिका में ही इलेक्ट्रिकल और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में पीएचडी की है। वे AI रिसर्चर हैं।
फ्रिडमैन अपने पॉडकास्ट में अमेरिकन प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प, टेस्ला CEO इलॉन मस्क, मेटा CEO मार्क जुकरबर्ग, अमेजन CEO जेफ बेजोस, ओपन AI CEO सेम ऑल्टमैन, यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदीमीर जेलेंस्की और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के इंटरव्यू कर चुके हैं।

10 पॉइंट में जानिए पीएम मोदी ने पाकिस्तान, चीन, ट्रम्प पर क्या कहा

पाकिस्तान पर पाकिस्तान के लोग आतंक में रहने से थक गए होंगे 2014 में मैं जब पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाला था तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को विशेष रूप से आमंत्रित किया था। उम्मीद थी कि दोनों देश एक नया अध्याय शुरू करेंगे।
हालांकि शांति का हर नेक प्रयास का सामना दुश्मनी और विश्वासघात से हुआ। पाकिस्तान के लोग शांति चाहते हैं। वे भी संघर्ष, अशांति और निरंतर आतंक में रहने से थक गए होंगे।

चीन पर भारत-चीन को प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए, टकराव नहीं राष्ट्रपति शी के साथ मेरी बैठक के बाद हमने सीमा पर सामान्य स्थिति की वापसी देखी है। हम 2020 से पहले के स्तर पर स्थितियों को बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं। विश्वास में समय लगेगा, लेकिन हम बातचीत के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने संघर्ष के बजाय स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की आवश्यकता पर भी जोर दिया। 21वीं सदी एशिया की सदी है। भारत और चीन को स्वाभाविक रूप से प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए, टकराव नहीं।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर मोदी बोले- संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठन विफल कोविड ने हर देश की सीमाओं को उजागर किया है। इससे सीखने के बजाय दुनिया और अधिक विखंडित हो गई है। वैश्विक नियमों को लागू करने में संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठन विफल रहे। स्थिरता बनाए रखने के लिए बनाई गई संस्थाएं प्रासंगिकता खो रही हैं। जो लोग कानूनों की अनदेखी करते हैं, उन्हें कोई परिणाम नहीं भुगतना पड़ता।

गुजरात दंगों पर अब राज्य में स्थायी शांति बनी है 24 फरवरी 2002 को मैं पहली बार निर्वाचित प्रतिनिधि बना और 27 फरवरी, 2002 को गोधरा कांड हुआ, जिसने प्रदेश में हिंसा भड़का दी। गुजरात में 2002 से पहले भी 250 से अधिक दंगे हो चुके थे। 1969 का दंगा छह महीने तक चला था। 2002 के दंगे दुखद थे, लेकिन उसके बाद राज्य में स्थायी शांति बनी। सरकार के खिलाफ कई आरोप लगाए गए, लेकिन न्यायपालिका ने दो बार जांच के बाद उन्हें निर्दोष करार दिया।
RSS पर RSS ने देश के लिए जीना सिखाया RSS में हमें जो मूल्य सिखाया गया, उनमें से एक यह था कि आप जो भी करें, उसे उद्देश्यपूर्ण तरीके से करें। आप पढ़ाई करते हैं, तो राष्ट्र के लिए योगदान देने के लिए पर्याप्त सीखने के लक्ष्य के साथ पढ़ाई करें।
आप व्यायाम करते हैं, तो राष्ट्र की सेवा करने के लिए अपने शरीर को मजबूत बनाने के उद्देश्य से करें। यही हमें सिखाया गया था।

महात्मा गांधी पर बापू सिर्फ 20वीं सदी नहीं, हर सदी के महान नेता हैं महात्मा गांधी सिर्फ 20वीं सदी नहीं हर सदी के महान नेता हैं। जहां तक मोदी का सवाल है मेरे पास एक दायित्व है। लेकिन दायित्व इतना बड़ा नहीं है जितना देश बड़ा है। मेरी ताकत मोदी नहीं, 140 करोड़ देशवासी हैं। मैं जहां भी जाता हूं, वहां मोदी नहीं जाता वहां 140 करोड़ लोगों का विश्वास जाता है। इसलिए मैं दुनिया के किसी नेता से हाथ मिलाता हूं तो मोदी हाथ नहीं मिलाता है। 140 करोड़ लोगों का हाथ होता है। ये सामर्थय मोदी का नहीं भारत का है।
ट्रम्प पर ट्रम्प साहसी, वो अपने फैसले खुद लेते हैं

ह्यूस्टन में एक प्रोग्राम था हाउडी मोदी। मैं और राष्ट्रपति ट्रम्प दोनों वहां थे और स्टेडियम पूरा भरा हुआ था। अमेरिका में इतनी बड़ी भीड़ का इकट्ठा होना ही एक बहुत बड़ा मौका था। मैं भाषण दे रहा था। ट्रम्प नीचे बैठकर सुन रहे थे। यह उनका बड़प्पन है। अमेरिका का राष्ट्रपति स्टेडियम में भीड़ के बीच नीचे बैठकर सुन रहा है। मैं भाषण दे रहा हूं। मैं भाषण देने के बाद ट्र्म्प के पास गया और ऐसे ही उनसे कहा कि क्यों न हम दोनों एक साथ इस स्टेडियम का एक चक्कर लगाएं। बहुत सारे लोग हैं यहां चलते हैं और उन्हें धन्यवाद देते हैं। अमेरिकी जीवन में ये बात आपके लिए असंभव सी है कि राष्ट्रपति हजारों की भीड़ में चले, लेकिन ट्रम्प बिना एक पल भी इंतजार किए मेरे साथ चल पड़े। ट्रम्प के पास साहस है और वो अपने फैसले खुद लेते हैं।

खुद के बारे में नकारात्मकता मेरे सॉफ्टवेयर में नहीं

मैं स्वभाव से ही बहुत आशावादी व्यक्ति हूं। निराशावाद और नकारात्मकता मेरे सॉफ्टवेयर में नहीं है। बचपन में मेरे घर में कोई खिड़की भी नहीं थी। हमने कभी गरीबी का बोझ फील नहीं किया।
मेरे मामा ने मुझे कैनवास के जूते खरीदकर दिए थे। उस पर दाग लग जाते थे। स्कूल से चॉक के टुकड़े लाकर उन्हें घोलकर सफेद जूतों पर पॉलिश कर लेता था।
मुझे कपड़े वगैरह भी ढंग से पहनने की आदत है। हमारे पास प्रेस कराने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। मैं तांबे के लोटे में गर्म पानी करके उसे चिमटे से पकड़कर कपड़ों में प्रेस कर लेता था।
मैं कभी अकेलापन महसूस नहीं करता हूं। क्योंकि मैं हमेशा 1+1 की थ्योरी को मानता हूं। ये थ्योरी मेरा सात्विक समर्थन करती है। कोई पूछेगा कि यह 1+1 क्या है। इसमें पहला वन मोदी है और दूसरा वन ईश्वर है। मैं अकेला कभी नहीं होता, वो हमेशा मेरे साथ रहता है। मैं हमेशा उसी भाव से काम करता हूं। नर सेवा ही नारायण सेवा है।

क्रिकेट पर भारत-पाक मैच रिजल्ट ने बताया कौन बेहतर

 अगर आप खेल की तकनीक के बारे में कहेंगे तो मैं कोई विशेषज्ञ नहीं हूं। ये बात वही बता सकते हैं जो तकनीक के बारे में जानते हैं। वही बता सकते हैं कि किस प्लेयर की तकनीक अच्छी है और किसकी खराब, लेकिन कई बार परिणाम उस खिलाड़ी के बारे में बोलते हैं। कुछ दिन पहले भारत और पाकिस्तान के बीच एक मैच हुआ था। नतीजे इस बात को बता देते हैं कि कौन सी टीम बेहतर है। इससे हमें पता चलता है कौन बेहतर है।
फुटबॉल पर MP के शहडोल में मिनी ब्राजील

मध्य प्रदेश का शहडोल आदिवासी जिला है। मैं वहां गया तो करीब 80 से 100 युवाओं ने स्पोर्ट्स यूनिफॉर्म पहनी थी। इनमें कुछ बूढ़े थे। मैं उनके पास गया और पूछा कि आप लोग कहां से हैं तो उन्होंने मुझसे कहा कि हम मिनी ब्राजील से हैं। मैं आश्चर्यचकित रह गया।
मैंने उनसे पूछा कि ये मिनी ब्राजील क्या है। उन्होंने बताया कि हम अपने गांव को मिनी ब्राजील कहते हैं। हमारे गांव में चार-पांच पीढ़ियों से लोग फुटबॉल खेल रहे हैं। करीब 80 नेशनल प्लेयर्स हमारे गांव से निकले हैं। हमारा पूरा गांव फुटबॉल को समर्पित है। जब हमारे यहां राष्ट्रीय फुटबॉल समारोह होता है तो आसपास के गांव से करीब 20-25 हजार लोग मैच देखने आते हैं।
PM मोदी का पूरा इंटरव्यू पढ़ने के लिए ब्लॉग से गुजर जाएं…

अपडेट्स

 मार्च 2025

सवाल: अपनी आध्यात्मिकता में, अपने शांत पलों में जब आप ईश्वर के साथ होते हैं। तो आपका मन कहां जाता है। जब आप उपवास कर रहे होते हैं जब आप बस अपने आप में अकेले होते हैं?
जवाब: ध्यान काफी भारी शब्द बन गया है। मैं लोगों को समझाता हूं कि इसका सीधा मतलब है खुद को व्याकुलता से मुक्त करना। उदाहरण के लिए जब आप क्लास में होते हैं तो आपका मन खेल पर होता है। मतलब आपका ध्यान कहीं और है। इसे सही जगह लाना है। यही मेडिटेशन है। हिमालय में एक संत ने मुझे टेक्नीक सिखाई। हिमालय में झरने बहते हैं, पत्ते की प्लेट का एक टुकड़ा झरने में लगा दिया नीचे बर्तन लगा दिया। पानी टप टप करके गिरने लगा। उन्होंने कहा कि तुम पानी की आवाज पर फोकस करो। धीरे-धीरे मेरा दिमाग ट्रेंड हो गया। मेरा ध्यान लगने लगा। वो मेरा मेडिटेशन बन गया था।

सवाल: भविष्य के बारे में आपको क्या उम्मीद है, सिर्फ भारत का ही नहीं बल्कि पूरी मानव सभ्यता का?
जवाब: मैं स्वभाव से ही बहुत आशावादी व्यक्ति हूं। निराशावाद और नकारात्मकता मेरी सॉफ्टवेयर में नहीं है। अगर हम मानव जाति के इतिहास पर एक पल विचार करें तो कितने बड़े संकटों को पार करते हुए मानव जाति आगे निकली है। समय के साथ कितने बदलाव स्वीकार किए हैं।

सवाल: आपकी छवि एक फैसला लेने वाले नेता की है। आप फैसले कैसे लेते हैं, उसका क्या प्रोसेस है?
जवाब: इसके पीछे बहुत सी बातें हैं। एक शायद हिंदुस्तान में मै ऐसा नेता हूं जो मेरे देश के 90 प्रतिशत जिलों में रात्रि विश्राम कर चुका हूं। यह मैं अपने शुरुआती जीवन की बात कर रहा हूं। उस दौरान मैंने जो पाया, सीखा उसे अमल में लाता हूं। ये किसी से पूछा हुआ, जाना हुआ या सिर्फ किताओं से पाया हुआ ज्ञान नहीं है। शासन की दृष्टि से देखें तो मेरे पास कोई बोझ नहीं है। निर्णय करने में मेरा एक तराजू है कि मेरा देश सबसे पहले। हमारे यहां महात्मा गांधी जी कहते थे कि, अगर आपको कोई निर्णय लेना है तो गरीब का चेहरा याद कर लो। वो निर्णय उसके काम का है या नहीं। मुझे अपनी सरकार में इंफॉर्मेशन मिल जाती है, मेरे पास बहुत सोर्स हैं। सिर्फ अफसरों की नहीं सुनता, उनसे सवाल भी करता हूं। कभी-कभी मैं वकील बनकर उलटे सवाल करने लगता हूं। ऐसा इसलिए ताकि बातचीत से सही फैसला निकले।
कोरोना के समय कैसे निर्णय लिए। बड़े-बड़े अर्थशास्त्री कहते थे कि दुनिया ने ये किया आप भी कर दो। पॉलिटिकल पार्टियां प्रेशर डालती थीं कि पैसे दे दो। मैं कुछ नहीं करता था, मैं सिर्फ सोचता था। फिर मैंने अपने देश की परिस्थिति के हिसाब से निर्णय लिए। मैं गरीब को भूखा नहीं सोने दूंगा। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सामाजिक तनाव पैदा नहीं होने दूंगा। ऐसे विचार मेरे मन में आए। दुनिया लॉकडाउन में पड़ी थी। मैंने एक्सपर्ट की राय सुनी, लेकिन मैंने अपने अनुभवों से एक व्यवस्था खड़ी की। कोविड के बाद दुनिया ने जो मंदी झेली, मेरे देश ने नहीं झेली। मैंने दुनिया भर की थ्योरी को लागू करने के मोह में पड़े बिना, अखबार वालों को अच्छा लगेगा, या बुरा लगेगा, क्या छपेगा। इन सब बातों से ऊपर उठकर मैंने बेसिक फंडामेंटल पर फोकस करते हुए काम किया।
मेरी जोखिम लेने की क्षमता बहुत है। मैं ये नहीं सोचता कि मेरा क्या नुकसान होगा। जो मेरे देश के लोगों के लिए सही है, वहां मैं जोखिम लेने को तैयार रहता हूं। अगर कुछ गलत हो जाए तो खुद उसका जिम्मा लेता हूं।

सवाल: मैंने कई लोगों से सुना है कि जितने लोगों को वे जानते हैं, उनमें आप सबसे ज्यादा मेहनती हैं। आप हर दिन कई घंटे काम करते हैं क्या आप थकते नहीं हैं? आपके धैर्य और ताकत का सोर्स क्या है?
जवाब: मैं आसपास के लोगों को देखता हूं तो लगता है ये मेरे से ज्यादा काम करते हैं। किसान को देखता हूं कि दिन-रात खेती में लगे रहते हैं। हमारे देश के जवान बॉर्डर पर, पहाड़ों पर, हर मौसम में सुरक्षा करते हैं। घर की महिलाएं सुबह से शाम तक परिवार की जिम्मेदारी उठाती हैं। मेरी जिम्मेदारी मुझे आगे बढ़ाती है। जो जिम्मेदारी देशवासियों ने मुझे दी है, मुझे हमेशा लगता है कि मैं पद पर मौज मस्ती के लिए नहीं आया हूं। मेरे प्रयास में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। चुनाव के दौरान मैं कहता हूं कि मैं कभी भी परिश्रम करने से पीछे नहीं हटूंगा। अपने लिए कुछ नहीं करूंगा। ये मेरी कसौटियां हैं, इन्हीं पर खुद को तोलता हूं।

सवाल: आपने इस बारे में बात की है आपके पास दुनिया में शांति स्थापित करने का कौशल है, अनुभव है, जियो पॉलिटिकल दबदबा है। आज दुनिया में कई वॉर चल रही हैं। आप शांति की स्थापना कैसे करेंगे। दो देशों के बीच शांति बनाने के लिए क्या कर सकते हैं, उदाहरण के लिए रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा वॉर?
जवाब: मैं उस देश का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं जो भगवान बुद्ध की भूमि है, जो महात्मा गांधी की भूमि है। ये ऐसे महापुरुष हैं जिनके उपदेश, व्यवहार शांति को समर्पित है। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से हमारा बैकग्राउंड इतना मजबूत है कि जब हम शांति की बात करते हैं तो विश्व हमें सुनता है। हम संघर्ष के पक्ष में नहीं है। हम शांति चाहते हैं। इसमें अगर कोई भूमिका अदा कर सकते हैं तो हम करते हैं। मेरा रूस और यूक्रेन दोनों के साथ घनिष्ठ संबंध है। मैं राष्ट्रपति पुतिन के सामने बैठकर मीडिया से कह सकता हूं कि ये वॉर का समय नहीं है। मैं जेलेंस्की को भी एक मित्रभाव से उनको कहता हूं कि भाई दुनिया कितनी ही आपके साथ खड़ी क्यों न हो जाए। परिणाम युद्ध भूमि पर नहीं बातचीत से ही निकलने वाला है। युद्ध के चलते पूरी दुनिया को नुकसान हुआ है। मैं न्यूट्रल नहीं हूं, मेरा पक्ष शांति का है।

16 मार्च 2025

Get real time updates directly on you device, subscribe now.