युवक ने फांसी लगाकर दे दी जान, युवती की संदिग्ध मौत; बैलों को कत्लखाने ले जा रही पिकअप पकड़ाई
बैतूल/मुलताई
बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम दुनावा में शादी नहीं जुड़ पाने से परेशान एक युवक ने फांसी लगा ली। वहीं चिल्हाटी गांव में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने गोवंश भरकर कत्लखाने ले जा रही एक पिकअप को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम दुनावा के मोती नगर निवासी युवक ने पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। मोती नगर दुनावा निवासी मंगलू पिता बानू उइके ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया उसका पुत्र शिवराज 26 साल शुक्रवार रात में परिवार के साथ खाना खाकर सो गया था।
रात एक बजे के दरमियान शिवराज की मां की नींद खुली तो शिवराज बिस्तर पर नहीं दिखा। बाहर जाकर देखा तो शिवराज आंगन में लगे पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका दिखा। मंगलू की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। शिवराज ने किन परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दी पुलिस इसकी जांच कर रही है। वही पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवराज मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। उसकी शादी नहीं जुड़ने से गुमसुम रहता था।
ग्राम चिल्हाटी निवासी एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। ग्राम चिल्हाटी निवासी सिरी इवनाते ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया उसकी पुत्री प्रिया 18 साल शुक्रवार रात में खाना खाने के बाद सो गई थी। सुबह प्रिया को उठाया तो वह बोल नहीं पा रही थी और उसे झटके आ रहे थे। प्रिया को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर आए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सिरी इवनाते की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। प्रिया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
मुलताई थाना क्षेत्र के ही ग्राम दुनावा से काठी जोड़ जाने वाले मार्ग पर पांच बैलों को ठूस ठूस कर लादकर कत्लखाने जा रही पिकअप जीप को पुलिस ने पकड़ा है। शुक्रवार रात में ग्राम दुनावा से काठी जाने वाले मार्ग पर पिकअप जीप में बैलों को भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर काठी जोड़ के पास पिकअप जीप क्रमांक एमएच-27/बीएक्स-5680 को रोक कर जांच की। जांच के दौरान पिकअप जीप में 5 बैल ठूस ठूस कर भरें हुए मिले। बैलों के सिंग,पैर और मुंह बंधा हुआ था। पुलिस ने पिकअप जीप को जप्त कर आरोपी राकेश पिता मनोहर निवासी ग्राम जैताढाना थाना बोरदेही के खिलाफ 4, 6, 9 गौवंश वध अधिनियम और 11 (1) (घ ) पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
बैतूल इंदौर एनएच पर भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत, इधर ग्रामीण ने अज्ञात कारणों से लगाई फांसी
बैतूल ।।बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में बीती रात भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवक जन्मदिन मनाकर वापस लौट रहे थे। इधर शाहपुर थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बालईमाल पिकेश पिता रामचरण उम्र 21 साल, धर्मेंद्र पिता देवजी उम्र 17 साल और विनोद पिता अंकुर धुर्वे उम्र 17 अपने रिश्तेदार के यहां खापा गांव गए थे। वहां जन्मदिन का कार्यक्रम था। जन्मदिन मनाकर वे वहां से वापस अपने घर जा रहे थे। इधर नेशनल हाईवे 59-ए पर आलमपुर के पास राजपूत ढाबा के समीप बीच सड़क पर ईंट से भरी ट्रॉली खड़ी थी।
रात करीब 11 बजे वे वहां पहुंचे। अंधेरे में वे ट्रॉली नहीं देख पाए। इससे उनकी बाइक सीधे ट्रॉली में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी चिचोली पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौके पर जाकर घटना स्थल स्थल का जायजा लेने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली भिजवाया।
बताया जाता है कि ईंट लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली के ट्रैक्टर का पहिया पंक्चर हो गया था। जिसके कारण ट्रॉली को वहीं खड़ा करके चालक ट्रैक्टर का पंक्चर बनवाने गया था। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पत्नी उठी तो फांसी पर लटका नजर आया पति
इधर शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पचामा के ग्राम पलासपानी में घर के बाहर मंडे में एक 45 वर्षीय ग्रामीण ने फांसी लगा ली। जानकारी के अनुसार तालन पिता धन्नू ने घर के बाहर आंगन के मंडा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी ने सुबह 5 बजे उठकर घर के बाहर आकर देखा तो उसका पति फांसी पर झूल रहा था।
इसकी सूचना ग्रामीणों की मदद से शाहपुर पुलिस को दी। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर लाया जहां पोस्टमार्टम कर पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना में लेकर जांच कर रही है। फांसी लगाने का कारण अज्ञात है।