Madhya Pradesh Latest News

बैतूल में आफत की बारिश: नेशनल हाईवे बंद, 44 लाख का सरोवर फूटा, घरों में घुसा पानी, सामान भी बहा

बैतूल। जिले में आफत की बारिश हो रही है। एक तरफ जहां शाहपुर, घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में हुई जोरदार बारिश से उफान पर आई नदी ने नेशनल हाईवे को बंद कर दिया है। वहीं घटिया निर्माण के चलते ग्राम आलमपुर में 44 लाख से बना अमृत सरोवर फूट गया है। इधर आठनेर क्षेत्र में भी माडू नदी की बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। इससे घरों का सामान पानी में बह गया, वहीं घर में पूरी तरह कीचड़ हो गया है। हालांकि दोपहर के बाद से बारिश थम गई है, लेकिन रात में हुई बारिश ने जनजीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त जरूर कर दिया।

घोड़ाडोंगरी में सबसे ज्‍यादा हुई बारिश

बैतूल में बारिश का स्थिति

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 8:00 बजे तक घोड़ाडोगरी में सर्वाधिक साढ़े 4 इंच और शाहपुर में 4 इंच बारिश दर्ज की है। इसके अलावा जिले के सभी ब्लॉकों में बारिश हुई है। घोड़ाडोंगरी और शाहपुर क्षेत्र में हुई जोरदार बारिश का असर सीधे नागपुर-भोपाल नेशनल हाईवे पर देखा गया। यहां पर भौंरा नदी और सुखतवा नदी ने हाईवे पर पहिए रोक दिए है।

सुखतवा पुल पर पानी होने से नागपुर-भोपाल हाईवे पर लगा जाम

सुखतवा नदी पर अब भी बारिश का पानी होने से जाम लगा हुआ है। सुबह से जाम में फंसे लोग काफी परेशान हो रहे है और पानी के पुल से नीचे जाने की इंतजार कर रहे है। विदित हो कि सुखतवा में कुछ महीनों पहले अंग्रेजों के जमाने में बनाया गया पुल भारी भरकम ट्राला गुजरने के दौरान टूट गया था। इसके बाद यहां पर अस्‍थाई रूप से पुल का निर्माण किया गया था, पु‍ल की ऊंचाई अधिक नहीं होने से यहां पर जाम की स्थिति बनी हुई है। जब तक यहां पर स्‍थाई पुल का निर्माण नहीं हो जाता, बारिश के दौरान इस तरह की स्थिति बनी रहेगी।

माडू नदी की बाढ़ ने मचाई तबाही, कई घरों में घुसा पानी

माडू नदी में आई बाढ़

मूसलाधार बारिश ने आठनेर क्षेत्र में सबसे ज्‍यादा नुकसान पहुंचाया है। आठनेर ब्‍लॉक के आष्टी गांव में बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। यहां माडू नदी उफान पर है और निचली बस्ती में पानी भर गया है। कई घरों में पानी घुसने और सामान बह जाने से भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ का पानी घरों में घुस जाने से घर कीचड़ से भर गया है अब ग्रामीणों के पास उठने-बैठने और सोने तक को जगह नहीं बची है।

रात से हो रही भारी बारिश से माडू नदी जमकर उफान पर चल रही थी। सुबह हाल यह थे कि नदी किनारे स्थित गांव की निचली बस्ती जलमग्‍न जैसी हो गई थी। गांव में सड़क और गलियों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया था। यह पानी लोगों के घरों में भी घुस गया। इसके चलते लोगों के घर में रखा खाने-पीने का सामान, ओढ़ने-बिछाने के कपड़े सहित अन्य जरुरी सामान खराब हो गया। यही नहीं खेती के लिए रखा खाद-बीज भी खराब हो गया।

माडू नदी में आई बाढ़ का पानी घरों में घुसा

लगातार पानी बढ़ता देख ग्रामीण सब कुछ छोड़ घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। वहीं कुछ ने गांव के कुछ पक्के मकानों की छत पर डेरा जमाया। नदी में पानी का स्तर कुछ कम हुआ तो ग्रामीणों ने भी अपने घरों में भरा पानी खाली किया। हालांकि घरों में अब कीचड़ जमा है।

Aslo Road: आठनेर की माडू नदी उफान पर , गांव और घरों में घुसा पानी, सामान बहा, मकानों में हुआ कीचड़, बैठने-सोने को भी जगह नहीं

आठनेर तहसीलदार लावीणा घाघरे और टीआई अजय सोनी ने भी मौके पर पहुंचे। उनके द्वारा नुकसान का जायजा लेने के साथ ही कर्मचारियों को राहत कार्य में जुटाया गया है। पूर्व जनपद अध्यक्ष रामचरण इरपाचे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारी बारिश की वजह से घरों में लगातार जलभराव की स्थिति है। इसलिए ग्रामीण अपना घर छोड़कर बाहर निकल रहे हैं।

पहली बारिश में फूटा पुल

आलमपुर में अमृृतसरोवर फूटा

जिला मुख्यालय पर भी रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे के दौरान जिले में फिर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। अब तक जिले में कुल 212.3 यानी 8 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आलमपुर में अमृत सरोवर योजना के तहत 44 लाख की राशि से अमृत सरोवर का निर्माण किया गया था। सोमवार की देर रात शुरू हुई बारिश को ही यह सरोवर नहीं झेल पाया। आज सुबह जब ग्रामीण पहुंचे तो पाया कि अमृत सरोवर फूट गया है। इसकी शिकायत उन्होंने अधिकारियों से की है। बताया जा रहा है कि आरईएस विभाग ने यह अमृत सरोवर तालाब बनाया गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल में इस योजना का शुभारंभ किया था। हर जिले में अमृत सरोवर बनने थे। इन अमृत सरोवरों का काम 15 जून तक पूरा करना था। इस योजना के तहत चिचोली विकासखंड के आलमपुर में नाले के पास भी तालाब बनाया गया था। बारिश के चलते इसकी रिटेनिंग वाल का 10 से 15 फीट तक हिस्सा फूट गया। इसके साथ ही इसमें जमा पानी भी बह गया।

Aslo Road: चिचोली में 44 लाख  से बना अमृत सरोवर बारिश में फूटा

इस बारे में आरईएस के चिचोली एसडीओ और जनपद के प्रभारी सीईओ अभिषेक वर्मा का कहना है कि आज सुबह आलमपुर में अमृत सरोवर फूटने की सूचना मिली है। वे टीम को लेकर मौके पर पहुंच रहे हैं। रिटेनिंग वाल का 10 से 15 फीट हिस्सा फूट गया है। यह साइड का हिस्सा था। अभी इसका काम चल रहा था, पूरा नहीं हुआ था। जल्दबाजी में निर्माण होने के कारण भी यह हो सकता है। मामले की पूरी जांच की जाएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.