64 वर्षीय संगीता अवस्थी ने 5 किमी दौड़कर दिया मतदान करने का संदेश
मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत रन फॉर वोट का हुआ आयोजन
बैतूल। विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में शतप्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में विविध स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला मुख्यालय पर बुधवार को सुबह रन फॉर वोट का आयोजन किया गया। 5 किमी की रन फॉर वोट मैराथन दौड़ पुलिस परेड ग्राउंड से प्रारम्भ होकर नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुलिस ग्राउंड में ही सम्पन्न हुई। इस मैराथन दौड़ में नगर की जागरूक महिला संगीता राजेश अवस्थी ने भी शामिल होकर 5 किलोमीटर दौड़कर आमजन को मतदान करने का संदेश दिया। सुबह पुलिस परेड ग्राउंड में कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। समापन पर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी को मतदान की शपथ दिलाई गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारियों सहित मैराथन दौड़ में शामिल युवा उपस्थित रहे।