डांस करते-करते महिला की हुई मौत ,
आग लगने से सिलेंडर में ब्लास्ट, लाखों का नुकसान
वामन पोटे 22/11/2023
डीजे की धुन पर नाचने के बाद थम गई महिला की सांसें
बैतूल //खेड़ी सांवलीगढ़//
बीती रात ग्राम में प्रति वर्ष की तरह माँ लक्ष्मी जी के विसर्जन के बाद जुलूस निकाला गया। जुलूस डीजे की धुन पर निकाला गया। सभी लोग खुशी-खुशी नाचते गाते चल रहे थे। माँ लक्ष्मी की प्रतिमा के सामने विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी की जा रही थी। सभी डीजे की धुन पर नाच गाना कर रहे थे कि इसी बीच ग्राम की 45 वर्षीय कम्मो पति लक्ष्मण आहके भी जुलूस में नाचते हुए चल रही थी।
अचानक उसकी सांसें रुक गई और वह गिर गई। उसे उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे यह खुशी मातम में बदल गई। लक्ष्मण का परिवार उजड़ गया। गरीब लक्ष्मण के परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग ग्रामीणों ने की है।
बैतूल//मुलताई//मुलताई ब्लॉक की ग्राम पारडसिंगा में बीती रात दो मकान में आग लगने से गैस सिलेंडर फट गया। जिससे कि लाखों रुपए का नुकसान हो गया है। बताया जा रहा है कि मकान में अज्ञात कारणों से आग लगी थी, जिसके बाद दोनों ही मकान के लोग घर से बाहर निकल गए थे। आग इतनी तेज थी कि घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया। जिससे भारी नुकसान हुआ है। मुलताई से दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
दमकल के कर्मचारी सुमित पूरी ने बताया कि रात 2.05 बजे के लगभग ग्राम पारडसिंगा में नरसिंग गावंडे और लक्ष्मण गावंडे के मकान में आग लग गई थी। आग लगने के कारण मकान में रखा रसोई गैस सिलेंडर भी फटा। जिसके कारण दोनों मकान पूरी तरह से आग की चपेट में आ गए।
आग लगने के कारण मकान में रखा 30 बोरे गेहूं, 15 बोरे सोयाबीन, मक्का लगभग 10 बोरे, नगद 30 हजार के लगभग, सोने एवम चांदी के एक से डेढ़ लाख के आभूषण, 8 बोरे के लगभग धान, घर का पूरा सामान और पूरे परिवार के जरूरी कागज भी जल गए।
सूचना मिलते ही मुलताई नगर पालिका की दोनों फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच के आग पर काबू पाया। फायर कर्मचारी मनोज सिंग, दीपक अहिरवार, सुमित पूरी, गिरीश पीपले, धनराज पवार ने लगभग 3 घण्टे की मशक्कत के बाद बमुश्किल आग बुझाई है।